ऊखीमठ : सारी गांव में नंदा मेले की धूम, बगड़वाल नृत्य रहेगा आकर्षण

Team PahadRaftar

भगवती नंदा के आगमन और भजन संध्या से कल होगा शुभारंभ, लोक संस्कृति की दिखेगी झलक

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। पर्यटक गांव सारी में आयोजित होने वाले दो दिवसीय नंदा मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार को भगवती नंदा के आगमन और भजन संध्या के साथ मेले का शुभारंभ होगा। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती नंदा के आगमन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

मेले की पहली शाम नौनिहालों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुति और महिला मंगल दलों के पारंपरिक झुमैलो मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा जय केदार कला मंच की ओर से ‘हमारी नंदा की कथा’ का मंचन किया जाएगा।

बगड़वाल नृत्य और भजन संध्या होगी खास

शनिवार को मेले के मुख्य आयोजन में पारंपरिक बगड़वाल नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम को भजन संध्या में कुमारी शिवानी भजन प्रस्तुत करेंगी। वहीं, आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मंडाण सांस्कृतिक ग्रुप की ओर से ‘अर्जुन नागलोक यात्रा’ का मंचन किया जाएगा। धार्मिक प्रसंगों और लोक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां मेले में चार चांद लगाएंगी।

वन पंचायत सरपंच देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मेले के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति के संरक्षण का प्रयास किया जा रहा है। मेला समिति के अध्यक्ष जगदीश नेगी, सचिव उपेंद्र भट्ट, कोषाध्यक्ष गजपाल भट्ट, उपाध्यक्ष हर्ष मोहन सिंह नेगी, सह सचिव धर्मेंद्र भट्ट, सांस्कृतिक सचिव शंकर भट्ट सहित समिति के सदस्य और ग्रामीण आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी ने कहा कि नंदा मेला धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का प्रतीक है। मेले में लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों और पौराणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

You May Like