चमोली : गोपेश्वर में पार्किंग निर्माण की कवायद तेज, जाम से राहत के लिए चार स्थलों का निरीक्षण

Team PahadRaftar

चमोली। चारधाम यात्रा और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव से जूझ रहे जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। नगर में पार्किंग सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से प्रशासन ने चार संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी व्यवहारिकता का आकलन किया।

गुरुवार को अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बस अड्डा, हॉस्पिटल गेट, कर्णप्रयाग टैक्सी स्टैंड और बीएसएनएल कॉलोनी के निकट जीरो बेंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक स्थल की भौगोलिक स्थिति, भूमि की उपलब्धता, यातायात दबाव और पार्किंग निर्माण की संभावनाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया।

प्रशासन का मानना है कि गोपेश्वर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था विकसित होने से मुख्य बाजार और अस्पताल क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों और चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले यात्रियों को भी सुगम यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

जिला प्रशासन अब निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर उपयुक्त स्थलों का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजेगा, ताकि पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, नगर पालिका गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

वन महोत्सव : पैनी विद्यालय में छात्रों ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। वन महोत्सव सप्ताह के तहत अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग की ओर से ज्योतिर्मठ रेंज क्षेत्र में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को जोशीमठ रेंज के खनोटी नाले के समीप स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पैनी में छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का […]

You May Like