चारधाम यात्रा : डीएम ने कसी तैयारियों की रफ्तार, बोले- कपाट खुलने से पहले पूरी हों सभी व्यवस्थाएं

Team PahadRaftar

चमोली। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को संबंधित विभागों और स्टेकहोल्डर्स के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि कपाट खुलने से पहले यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

डीएम ने कहा कि लगातार बारिश और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कपाट खुलने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएंगी।

सड़क सुधार और मलबा हटाने में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में डीएम ने एनएच, बीआरओ और एनएचआईडीसीएल को चारधाम यात्रा मार्गों के सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों से मलबा समय पर हटाया जाए और वैकल्पिक रास्तों को भी दुरुस्त रखा जाए, ताकि यात्रा के दौरान यातायात बाधित न हो।

मेडिकल, बिजली, पानी और शौचालय समय से हों तैयार

जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों और मेडिकल हेल्थ पोस्ट, बिजली, पेयजल, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को प्रमुख स्थानों पर वाटर एटीएम लगाने और बद्रीनाथ धाम में सीवर व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने को कहा।

गैस, डीजल और खाद्यान्न की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर

पूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। संबंधित उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में कमर्शियल सिलेंडर वितरण व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीजल, पेट्रोल और खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को भी कहा गया।

सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और कूड़ा फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

डीएम ने नगर निकायों और पंचायत क्षेत्रों को सफाई व्यवस्था मजबूत करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने और खुले में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन और बेहतर ट्रैफिक प्लान पर जोर

पुलिस विभाग को चारधाम क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने और बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

जूता स्टैंड और पीआरडी जवानों की तैनाती पर भी निर्देश

पर्यटन विभाग को यात्रा पंजीकरण के साथ नगर निकायों के समन्वय से उपयुक्त स्थानों पर जूता स्टैंड स्थापित करने को कहा गया। वहीं डीईओ और पीआरडी को जवानों की स्किल के अनुसार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत के अनुसार उनकी तैनाती की जा सके।

कमेड़ा से बद्रीनाथ तक तैनात होंगे सेक्टर मजिस्ट्रेट

डीएम ने बताया कि चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन के लिए जनपद सीमा अंतर्गत कमेड़ा से बद्रीनाथ धाम तक मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ, तीर्थ पुरोहित और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।

Next Post

गौचर : पॉलीटेक्निक के छात्र-छात्राओं को दी यातायात नियमों की जानकारी

सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत हेलमेट, ओवरस्पीड और मोबाइल प्रयोग को लेकर किया जागरूक केएस असवाल गौचर। सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत राजकीय पॉलीटेक्निक गौचर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में युवाओं को सड़क पर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए जरूरी नियमों और […]

You May Like