
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
केएस असवाल
चमोली : गौचर में एक डाककर्मी किराये के कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल गौचर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज गौचर मानवेन्द्र गुसाईं के अनुसार, बुधवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से एक महिला ने सूचना दी कि उनके पति कमरे के अंदर फंदे से लटके हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने खिड़की से देखा तो एक व्यक्ति कमरे के भीतर पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस व आसपास मौजूद लोगों की मदद से दरवाजा धक्का देकर खोला गया। अंदर पहुंचने पर युवक पंखे से मफलर के सहारे लटका मिला, जिसे नीचे उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान अंकित गुसांई (33) पुत्र सुरेंद्र सिंह गुसांई, निवासी ग्राम खाल, कुंज पोखरी, जनपद चमोली के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ गौचर में किराये के मकान में रहता था। मृतक और उसकी पत्नी दोनों गौचर डाकघर में कार्यरत बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर कमरे को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच गए हैं।
समय अधिक होने के कारण शव को उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई गुरुवार को की जाएगी।
