जसपाल नेगी पौड़ी। नैनीडांडा ब्लॉक के बणासी गांव में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को भी जारी रहा। गांव पहुंचे स्थानीय विधायक महंत दिलीप रावत का ग्रामीणों ने घेराव कर वन्यजीवों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान प्रदेश सरकार और वन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है, लेकिन सरकार और वन विभाग स्थायी समाधान नहीं निकाल पाए हैं। उनका आरोप था कि किसी घटना के बाद प्रशासन कुछ दिनों तक सक्रिय रहता है, लेकिन बाद में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं और ग्रामीण दहशत के साये में रहने को मजबूर हो जाते हैं।
विधायक महंत दिलीप रावत ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह लगातार वन्यजीवों के बढ़ते आतंक का मुद्दा उठाते रहे हैं। विधानसभा सत्र में भी उन्होंने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही उसे ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं।
