
केदारनाथ-तुंगनाथ के साथ तिथि समन्वय की उठी मांग, श्रद्धालुओं की सुविधा का दिया हवाला
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। पंच कारबारियान हक-हकूकधारी समिति, श्री मद्महेश्वर मंदिर गौण्डार ने द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के कपाट खोलने की तिथि में बदलाव की मांग को लेकर जिलाधिकारी और बदरी -केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी को ज्ञापन भेजा है।

समिति ने मांग की है कि भविष्य में मद्महेश्वर धाम के कपाट केदारनाथ और तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथियों के आसपास ही निर्धारित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पंचकेदार यात्रा में सुविधा मिल सके।
समिति के शिवानंद पंवार ने कहा कि वर्तमान में मद्महेश्वर धाम के कपाट अन्य धामों की तुलना में करीब एक माह बाद खुलते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग समय पर यात्रा करनी पड़ती है और उन्हें असुविधा होती है।
संरक्षक फते सिंह पंवार ने बताया कि पंचकेदार यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु इसे एक साथ पूर्ण करना चाहते हैं। अलग-अलग तिथियों के कारण यात्रियों पर समय और आर्थिक बोझ बढ़ जाता है।
समिति सचिव वीरेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि यदि कपाट तिथियों में समन्वय होता है तो क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कोषाध्यक्ष दिलवर सिंह पंवार ने प्रशासन से इस विषय पर मंदिर समिति, संबंधित विभागों और धार्मिक विद्वानों के साथ समन्वय बनाकर निर्णय लेने की मांग की है। वहीं, वन पंचायत गौण्डार के सरपंच जसपाल सिंह पंवार ने भी सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

