
चमोली। पिछले करीब एक माह से लापता चल रहे युवक का शव मंगलवार को पाडुली के जंगल से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दुर्गम जंगल क्षेत्र से शव का रेस्क्यू कर बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9:10 बजे पाडुली निवासी बृजेश ने सूचना दी कि पाडुली जंगल में रोली ग्वाड़ की ओर एक मानव शव पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चमोली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल का क्षेत्र दुर्गम होने के कारण पुलिस टीम को शव तक पहुंचने और उसे बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने शव की पहचान के लिए कोतवाली चमोली में दर्ज गुमशुदगी प्रकरण से संबंधित परिजनों को बुलाया। परिजनों ने मृतक के कपड़ों और मौके से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान आदित्य सिंह नेगी (20) निवासी देवग्राम, पोस्ट उर्गम, ज्योतिर्मठ के रूप में की। आदित्य 13 मई से लापता था और उसकी गुमशुदगी को लेकर कोतवाली चमोली में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने पंचायतनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। युवक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

