
IMA देहरादून की कमान डॉ महेश कुड़ियाल के हाथ, निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष
देहरादून: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) देहरादून इकाई के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ महेश कुड़ियाल को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं संस्था की नई कार्यकारिणी के अन्य पदों पर मतदान के जरिए चयन किया गया।
चुनाव अधिकारी डॉ किरण कुमार कालरा की निगरानी में हुए इस चुनाव में वर्किंग कमेटी के पदाधिकारियों के साथ ही 28 सामान्य सदस्यों का भी चयन किया गया। देहरादून IMA में करीब 600 पंजीकृत सदस्य हैं, जिनकी सक्रिय भागीदारी चुनाव में देखने को मिली।
नई कार्यकारिणी में डॉ प्रवीन जिंदल को प्रेसिडेंट इलेक्ट, डॉ राजीव दीक्षित को वाइस प्रेसिडेंट, डॉ अंकित परासर को मानद सचिव, डॉ राहुल अवस्थी को कोषाध्यक्ष और डॉ सिद्धांत खन्ना को संयुक्त सचिव चुना गया।
निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर डॉ महेश कुड़ियाल ने सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि IMA भविष्य में सरकार और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, गरीब और जरूरतमंदों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने तथा डॉक्टरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम करता रहेगा।
गौरतलब है कि इसी चुनाव प्रक्रिया में अगले वर्ष के लिए भी अध्यक्ष का चयन किया गया, जिसमें डॉ प्रवीन जिंदल को आगामी अध्यक्ष चुना गया।
