पौड़ी : जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 17 शिकायतें, अधिकांश का निस्तारण

Team PahadRaftar

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 17 शिकायतें
अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण, शेष पर अफसरों को दिए निर्देश

जसपाल नेगी

संवाददाता: कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 17 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन कार्यक्रम में पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विगत सोमवार तक दर्ज 359 शिकायतों में से 338 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि मांग एवं नीति आधारित 21 मामलों को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल कर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सप्ताह में एक बार विभागीय स्तर पर अनिवार्य समीक्षा करने और दर्ज शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड कल्जीखाल के थापली की प्रधान इंदु देवी सहित महिलाओं ने लोवर थपली के 15 परिवारों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिलने की समस्या उठाई और अलग पाइपलाइन की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता को मंगलवार पूर्वाह्न 10 बजे तक जूनियर इंजीनियर को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

विकासखंड पाबौ के ग्राम कोला की प्रधान बीना देवी ने बताया कि गांव के 70 कृषक परिवारों की फसल जंगली जानवरों से प्रभावित हो रही है, जिसके लिए 800 मीटर घेरबाड़ की आवश्यकता है। इस पर मुख्य कृषि अधिकारी को क्षेत्रीय टीम से स्थलीय निरीक्षण कराते हुए आवश्यकता अनुसार प्रस्ताव को जिला योजना में शामिल करने को कहा गया।

तहसील पौड़ी के सिमखेत निवासी सरोजनी देवी ने नाप भूमि से कब्जा हटाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी को निर्देश दिए कि राजस्व उपनिरीक्षक को मौके पर भेजकर वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

न्याय पंचायत कुण्डी के कृषि ऋण धारकों ने बहुद्देशीय साधन सहकारी समिति बाह बाजार देवप्रयाग में समिति सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी और एआर को-ऑपरेटिव को संयुक्त जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पौड़ी के अपर चौपड़ा निवासी शिवानी और अन्य महिलाओं ने क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता और पशुओं पर हमलों की शिकायत की। इस पर वन विभाग को तत्काल टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में खीर्सू के ग्राम कोठगी निवासी मरीषा देवी की मनरेगा भुगतान संबंधी शिकायत का त्वरित समाधान किया गया। वहीं भैस्वाड़ा तोक, थपलियालगांव में पेयजल आपूर्ति की समस्या का भी निस्तारण किया गया। ग्राम केवर्स निवासी ओम प्रकाश की शिकायत पर पीएमजीएसवाई ने टेका-टंगरोली मोटर मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करते हुए नाली को गहरा कराया।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दिक्षीता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसएम शुक्ला, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना और पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

पौड़ी : स्थापना दिवस पर बूथों तक दिखी भाजपा की संगठनात्मक ताकत

भाजपा ने उत्साह के साथ मनाया स्थापना दिवस जिला कार्यालय से बूथों तक हुए कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने दोहराया संगठन मजबूत करने का संकल्प जसपाल नेगी  पौड़ी : भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस रविवार को जिलेभर में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय से लेकर सभी […]

You May Like