
भाजपा ने उत्साह के साथ मनाया स्थापना दिवस
जिला कार्यालय से बूथों तक हुए कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने दोहराया संगठन मजबूत करने का संकल्प
जसपाल नेगी
पौड़ी : भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस रविवार को जिलेभर में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय से लेकर सभी मंडलों और बूथों तक कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण, संगोष्ठियों और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा की मजबूत संगठनात्मक संरचना और कार्यकर्ताओं का समर्पण साफ दिखाई दिया। स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सेवा भाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प दोहराया।
जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुषमा रावत ने की। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी की विचारधारा, नीतियों और राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती और सेवा भाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य निरंतर करते रहें।
जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए जनसंघ काल से लेकर वर्तमान तक भाजपा के विकास और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने हाल ही में संपन्न पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और इसे संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक गणेश भट्ट ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री क्रांति किशोर नेगी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गणेश राठी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद टम्टा, जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

