
बदरीनाथ धाम में बदला मौसम, बारिश के बीच दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
संजय कुंवर
बदरीनाथ संवाददाता। बदरीनाथ धाम में गुरुवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। धाम में रिमझिम बारिश शुरू होने से ठंड बढ़ गई, लेकिन खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। छाते और रेनकोट के सहारे श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे।
श्री बदरीनाथ मंदिर के सिंह द्वार के बाहर दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर अपने दर्शन की बारी का इंतजार करते नजर आए। धाम में छाई धुंध और बारिश ने मौसम को और अधिक सुहावना बना दिया।
चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंदिर समिति के अनुसार कपाट खुलने के बाद से अब तक करीब 2.13 लाख श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।
मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रशासन ने यात्रियों से गर्म कपड़े साथ रखने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रा मार्गों पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
