गौचर में श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन, प्रेस क्लब के लिए भूमि का भरोसा
पहाड़ रफ्तार, गौचर। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन शुक्रवार को गौचर के अर्जुन भवन में आयोजित हुआ। सम्मेलन में पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों, पत्रकार हितों और संगठन को मजबूत करने को लेकर मंथन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे चार दर्जन से अधिक पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लिया।

मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि डिजिटल दौर में समाचार तेजी से लोगों तक पहुंच रहे हैं, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने का आह्वान किया। कहा कि पत्रकारिता जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिला प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए पत्रकार हितों से जुड़े मामलों में सहयोग का आश्वासन दिया।

गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाते हैं। उन्होंने जिला प्रेस क्लब गौचर कार्यालय के लिए भवन उपलब्ध कराने की घोषणा की। कहा कि पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महामंत्री गिरिधर शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि पत्रकारिता में निष्पक्षता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है। जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक पत्रकारों को संघ से जोड़ने का आह्वान किया।
उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। पत्रकारों को राष्ट्रीय और सामाजिक हितों को प्राथमिकता देते हुए तथ्यपरक समाचारों के माध्यम से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता में निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
सम्मेलन में स्थानीय स्तर पर पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पत्रकार हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, जन कल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता विपुल रावत, वरिष्ठ पत्रकार जयवीर मनराल, शेखर रावत, महेशानंद जुयाल, दिनेश थपलियाल, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, सतीश गैरोला, कालिका प्रसाद, सुभाष पिमोली, संजय कंडारी, राकेश सती, हरेन्द्र बिष्ट, दीपक शाह, गिरीश चंदोला, मोहन गिरी, महावीर रावत, सुरेंद्र सिंह गढ़िया, गुड्डू राजा, रणजीत सिंह, दिलवर सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह नेगी, प्रेम सिंह नेगी, सीमा चमोली और नरेंद्र सिंह समेत रुद्रप्रयाग, पौड़ी, पुरोला व देहरादून से आए पत्रकार और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रधान संगठन से महावीर रावत, शिवानी चौधरी और सुमेदा, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश कनवासी, सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी, अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरेंद्र सिंह कनवासी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और समाजसेवी भी सम्मेलन में शामिल हुए।
