गोपेश्वर : पूर्व प्रधान की मौत पर बवाल, पांच अज्ञात पर हत्या का मुकदमा

Team PahadRaftar

हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप, श्रीनगर बेस अस्पताल में शव छोड़कर जाने की बात

गोपेश्वर। ज्योतिर्मठ क्षेत्र के मोल्टा गांव निवासी पूर्व प्रधान बलवंत सिंह की पुलिस अभिरक्षा में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों पर बलवंत सिंह की हत्या का आरोप लगाते हुए गोपेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। देर शाम पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

बताया जा रहा है कि हरियाणा के रोहतक से आई पुलिस टीम रविवार सुबह गोपेश्वर पहुंची थी। टीम ने खुद को हरियाणा पुलिस बताकर मोल्टा गांव निवासी 65 वर्षीय पूर्व प्रधान बलवंत सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस दौरान चमोली पुलिस की टीम भी साथ मौजूद रही और उन्हें गोपेश्वर थाने लाया गया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हरियाणा पुलिस बलवंत सिंह को अपने साथ ले गई। आरोप है कि रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में शव छोड़कर हरियाणा पुलिस के कर्मचारी मौके से चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सोमवार को उन्होंने गोपेश्वर थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक शव नहीं ले जाया जाएगा।

मृतक के पुत्र प्रवेश सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने कहा कि बलवंत सिंह को ले जाने वाले पांच लोग सादी वर्दी में थे और खुद को हरियाणा पुलिस बता रहे थे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसपी बोले- तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज

चमोली के पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के पास थाने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं, जिनमें बलवंत सिंह को थाने लाते और ले जाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

रोहतक में दर्ज है एनडीपीएस एक्ट का मामला

पुलिस के अनुसार बलवंत सिंह से जुड़े एक मामले में हरियाणा पुलिस पूछताछ के लिए उन्हें लेने आई थी। बताया जा रहा है कि रोहतक में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसी सिलसिले में उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की कार्रवाई की जा रही थी।

आज होगा अंतिम संस्कार

गोपेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजन शव लेने के लिए श्रीनगर रवाना हो गए। मंगलवार को बलवंत सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यूकेडी ने भी उठाई कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने हरियाणा पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Next Post

रूद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा पर साइबर ठगों की नजर, 265 फर्जी लिंक-खाते बंद

एसपी निहारिका तोमर की अपील, सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से ही करें बुकिंग लक्ष्मण नेगी रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम की हेली सेवा बुकिंग के नाम पर साइबर ठगों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। फर्जी वेबसाइट, बैंक खाते, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों के जरिए ठगी के […]

You May Like