औली में बारिश के बीच गहराया पेयजल संकट, होटल व्यवसायी परेशान
संजय कुंवर जोशीमठ। मानसून के सक्रिय होने से औली क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद कई हिस्सों में पेयजल संकट गहरा गया है। औली हेलीपेड रोड स्थित होटल व्यवसायी पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

होटल कारोबारी रविन्द्र कंडारी ने बताया कि पेयजल आपूर्ति ठप होने की शिकायत विभाग को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं हो सकी है। इससे होटलों में ठहरे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
औली होटल एसोसिएशन ने पेयजल विभाग से शीघ्र कार्रवाई करते हुए जल स्रोत से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान पानी की आपूर्ति बाधित रहने से होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और पर्यटकों के सामने भी असुविधाजनक स्थिति उत्पन्न हो रही है।
होटल व्यवसायियों ने सवाल उठाया कि आखिर पेयजल विभाग कब तक उन्हें और औली आने वाले पर्यटकों को इस तरह पेयजल संकट से जूझने के लिए मजबूर रखेगा। उन्होंने विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य कर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।

