रूद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा पर साइबर ठगों की नजर, 265 फर्जी लिंक-खाते बंद

Team PahadRaftar

एसपी निहारिका तोमर की अपील, सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से ही करें बुकिंग

लक्ष्मण नेगी

रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम की हेली सेवा बुकिंग के नाम पर साइबर ठगों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। फर्जी वेबसाइट, बैंक खाते, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों के जरिए ठगी के इस जाल पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 265 फर्जी माध्यमों को ब्लॉक कराया है।

एसपी निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं और आमजन से साफ अपील की है कि श्री केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही करें। इसके अलावा किसी भी वेबसाइट, लिंक, सोशल मीडिया पोस्ट या मोबाइल नंबर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और भुगतान न करें।

पुलिस के अनुसार साइबर ठग सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन और जल्दी टिकट दिलाने के झांसे देकर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। कई फर्जी प्लेटफॉर्म इस तरह तैयार किए गए हैं कि आम लोग उन्हें असली वेबसाइट समझ बैठते हैं।

एसपी ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध नंबरों पर संपर्क करने और बिना सत्यापन भुगतान करने से बचें। यदि किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस ने साफ किया है कि यात्रा की जल्दबाजी में की गई छोटी सी लापरवाही बड़ी ठगी में बदल सकती है। ऐसे में श्रद्धालु सतर्क रहें और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें।

Next Post

गोविन्दघाट : फूलों की घाटी में नहीं मिली कोई अवैध गतिविधि

वन विभाग की टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण संजय कुंवर गोविंदघाट/ ज्योतिर्मठ  विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में वन विभाग की निरीक्षण टीम को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग की टीम घाटी के […]

You May Like