
पोखरी बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं ने ढोल-दमाऊं की थाप पर किया लोकनृत्य
केएस असवाल पोखरी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में चल रहे भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के तीसरे दिन शुक्रवार को प्रार्थना सभा में गढ़वाली भाषा में सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समर कैंप में छात्राओं ने संगीत, नृत्य, पेंटिंग और लोकसंस्कृति से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र नई दिल्ली के निर्देशन तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड व डायट गौचर के मार्गदर्शन में समर कैंप आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तृतीय दिवस पर छात्राओं को स्थानीय वाद्य यंत्रों, संगीत, नृत्य और पेंटिंग की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं ने गढ़वाली, नेपाली, असमी और राजस्थानी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं ढोल-दमाऊं की थाप पर चौफला, झौंडा और रणभूत लोकनृत्य का सामूहिक प्रदर्शन भी किया गया।
छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। कैंप में प्रतिभागी छात्राएं विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आनंद ले रही हैं।
बीआरपी पोखरी निधि असवाल ने समर कैंप का अनुश्रवण किया। वहीं हिमवन्त प्रदेश न्यूज के संवाददाता भानु प्रकाश नेगी ने गतिविधियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के संचालन में शिक्षिकाओं पूनम नेगी, अनुराधा राणा और इन्दु भारती ने सहयोग दिया। वरिष्ठ सहायक राहुल देवशाली, रेखा सती, दिव्या थपलियाल, भोजन माता माहेश्वरी देवी और सुमन देवी ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
समर कैंप के तीसरे दिन 30 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अंत में पीएम पोषण योजना के तहत छात्राओं को भोजन कराया गया।

