चमोली : बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं का सहारा बनी घांघरिया पुलिस

Team PahadRaftar

बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं का सहारा बनी घांघरिया पुलिस

चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने हाथ पकड़कर कराया खतरनाक रास्ता पार

संजय कुंवर घांघरिया। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बीती रात हुई भारी बर्फबारी के बाद पूरा पैदल मार्ग बर्फ से ढक गया। कई स्थानों पर डेढ़ से दो फीट तक ताजा बर्फ जमने से रास्ता बेहद फिसलन भरा और जोखिमभरा हो गया। हालात ऐसे थे कि कई श्रद्धालु डर के कारण आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

स्थिति की जानकारी मिलते ही घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। वह अपनी पुलिस टीम के साथ बर्फबारी के बीच यात्रा मार्ग पर पहुंचे और श्रद्धालुओं की सहायता में जुट गए।

खतरनाक और फिसलन भरे स्थानों पर चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह स्वयं श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। जहां श्रद्धालु रुक जा रहे थे, वहां उन्होंने उनका हाथ पकड़कर हिम्मत बढ़ाई और सुरक्षित रास्ता पार कराया। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहायता प्रदान की गई।

कड़ाके की ठंड और लगातार गिरती बर्फ के बावजूद घांघरिया पुलिस की टीम घंटों तक यात्रा मार्ग पर तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा कराने के साथ उन्हें हरसंभव सहयोग दिया।

यात्रा पर पहुंचे कई श्रद्धालुओं ने पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि खराब मौसम और फिसलन के बीच पुलिस ने केवल ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि एक संरक्षक की तरह उनका हाथ थामकर सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बर्फ और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच घांघरिया पुलिस का यह मानवीय चेहरा श्रद्धालुओं के लिए राहत और भरोसे की बड़ी मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

You May Like