चमोली : अतिवृष्टि के बाद उठी मांग: थराली में तैनात हो एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम, आपदा से निपटने को रहे प्रशासन तैयार

Team PahadRaftar

गिरीश चंदोला थराली। चमोली जिले के आपदा संवेदनशील थराली विधानसभा क्षेत्र में बरसात के मौसम को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की एक-एक टीम स्थायी रूप से तैनात करने की मांग तेज हो गई है। हाल ही में नारायणबगड़ में अतिवृष्टि से हुई तबाही के बाद क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से तत्काल निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों की पहले से तैनाती जरूरी है।

थराली विधानसभा क्षेत्र हर वर्ष भूस्खलन, बादल फटने, अतिवृष्टि और नदी-नालों के उफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा के जोखिम से भली-भांति परिचित है। इसके बावजूद हर साल राहत एवं बचाव दलों के पहुंचने में समय लग जाता है, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका रहती है।

बृहस्पतिवार को नारायणबगड़ में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बाजार में भारी मात्रा में मलबा आने से कई दुकानें और मकान प्रभावित हुए, वाहन मलबे में दब गए और राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया, जबकि बीआरओ ने घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे को आंशिक रूप से यातायात के लिए खोला।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह घटना इस बात का संकेत है कि आपदा के समय तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए थराली में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती अब समय की मांग बन गई है। उनका कहना है कि यदि बचाव दल पहले से मौजूद रहेंगे तो किसी भी आपात स्थिति में लोगों को शीघ्र सहायता मिल सकेगी और जन-धन के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मानसून अवधि के दौरान थराली में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की एक-एक टीम तैनात करने के साथ ही आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : सगाई समारोह के ऊपर से गुजरा सेना का ड्रोन, कुछ देर बाद जंगल में क्रैश; टला बड़ा हादसा

केएस असवाल गौचर। गौचर क्षेत्र के बिजराकोट गांव के जंगल में बृहस्पतिवार को सेना का एक ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से ठीक पहले ड्रोन ककोड़ाखाल गांव के ऊपर से गुजरा, जहां एक सगाई समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ड्रोन आबादी से दूर चीड़ के जंगल में […]

You May Like