केएस असवाल
चमोली। लंबे इंतजार के बाद सोनला-बछेर क्षेत्र के ग्रामीणों को बस सेवा की सौगात मिली है। जीएमओ देहरादून ने देहरादून से किलौंडी-नारायण-रोपा तक सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। नियमित बस संचालन से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही में राहत मिलेगी।

बस सेवा के अभाव में ग्रामीणों को अब तक टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता था। मनमाना किराया चुकाने से सबसे अधिक परेशानी छात्रों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ रही थी। बस सेवा शुरू होने से देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ ही ग्रामीणों का अतिरिक्त खर्च भी कम होगा।
बस के किलौंडी-नारायण और रोपा पहुंचने पर ग्राम प्रधान मीना देवी सजवाण समेत ग्रामीणों ने चालक और परिचालक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूर्व प्रधान दीपक असवाल ने कहा कि क्षेत्र के लिए नियमित बस सेवा शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। इसका सीधा लाभ गरीब और सामान्य परिवारों को मिलेगा।
इस मौके पर राकेश सजवाण, भीम सिंह नेगी, मनवर सिंह नेगी, हरेन्द्र रावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू करने पर जीएमओ प्रबंधन का आभार जताया।
