गौचर : पहली बारिश में गौचर की खुली तैयारियों की पोल, दुकानों में घुसा गंदा पानी

Team PahadRaftar

पहली बारिश में गौचर की खुली तैयारियों की पोल, दुकानों में घुसा गंदा पानी

केएस असवाल गौचर। मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने गौचर नगर की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। देर रात हुई तेज बारिश से मुख्य बाजार की नालियां जाम हो गईं और गंदा पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, दशजूला क्षेत्र को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर बरगद का पेड़ गिरने से आवाजाही भी प्रभावित हुई।

बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। ग्रेफ चौक से रामलीला मैदान तक नालियों का पानी दुकानों में घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ स्थानों पर नालियों पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो गई, जिससे यह स्थिति पैदा हुई।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एनएचआईडीसीएल वर्षों बाद भी मुख्य बाजार में एक ओर की नाली का निर्माण नहीं कर सका है। बरसात के दौरान हर साल यही समस्या सामने आती है, लेकिन बारिश खत्म होने के बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। नगर पालिका की ओर से भी अधूरी नालियां बनाए जाने से समस्या और बढ़ गई है।

उधर, गौचर-दशजूला पैदल मार्ग पर नैल तोक में सदियों पुराना बरगद का पेड़ उखड़कर गिर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार स्थित काली कम्बली धर्मशाला की छत की चादरें भी तेज हवा में उड़ गईं।

व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने बताया कि मामले की जानकारी नगर पालिका को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रेफ चौक से रामलीला मैदान तक नाली निर्माण कराने की मांग की गई है, ताकि बरसात के दौरान लोगों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

You May Like