केएस असवाल कर्णप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच हुए विवाद के मामले में गिरफ्तार आरोपितों को शनिवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। मामले की आगे की सुनवाई न्यायालय में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी रहेगी।
हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध निष्पक्ष और समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण का भी शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना निष्पक्ष रूप से जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

