
चौबट्टाखाल में गुलदार का आतंक: आंगन में खेल रही 4 साल की मासूम को बनाया निवाला
जसपाल नेगी
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भतकोट, तिमली में गुरुवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय मासूम दृष्टि पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। वह अपने जबड़े में जकड़कर खेतों की ओर खींच ले गया।
परिजनों की चीख-पुकार पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मासूम की तलाश शुरू की। कई देर की कोशिश के बाद झाड़ियों में दृष्टि का शव बरामद हुआ।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग को सूचना दे दी गई है, लेकिन क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमलों के बावजूद विभाग की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों में डर का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा अब बड़ी चुनौती बन गई है। पहाड़ों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा, और मासूम दृष्टि की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

