चमोली : बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी का उल्लास, रात दो बजे बंद होंगे कपाट

Team PahadRaftar

शनिवार सुबह छह बजे श्रद्धालुओं के लिए फिर खुलेंगे मंदिर के द्वार, साढ़े छह बजे से शुरू होंगी नित्य पूजाएं

संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम। भगवान श्रीहरि विष्णु की नगरी बदरीनाथ धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास चरम पर है। मंदिर परिसर कृष्ण भजनों से गुंजायमान है और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु जन्मोत्सव के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के चलते शुक्रवार मध्य रात्रि करीब दो बजे श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके चलते शनिवार पांच सितंबर को मंदिर की नित्य पूजाओं के समय में आंशिक बदलाव रहेगा।

मंदिर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 5:30 बजे सिंहद्वार के बाहर नौबत बजाई जाएगी। इसके बाद सुबह छह बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सुबह 6:30 बजे से भगवान बदरी विशाल की नित्य पूजाएं महाभिषेक पूजन के साथ शुरू होंगी।

रविवार से पूर्व निर्धारित समय पर होंगी पूजाएं

मंदिर प्रशासन के अनुसार रविवार छह सितंबर से भगवान बदरी विशाल की सभी नित्य पूजाएं पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संपादित की जाएंगी। जन्माष्टमी को लेकर धाम में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मंदिर परिसर में देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

You May Like