मां भगवती मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्रों का नहीं लगा सुराग
पीपलकोटी : दशोली विकासखंड के जैंसाल गांव स्थित मां भगवती राजराजेश्वरी मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्रों का एक माह बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के खुलासे में देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को गांव का एक व्यक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा। इस दौरान मंदिर से मां भगवती के सात चांदी के छत्र गायब मिले। घटना की सूचना तत्काल ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पीपलकोटी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों का कहना है कि चोरी हुए छत्रों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। बावजूद इसके पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
जैंसाल गांव के नवयुवक दल अध्यक्ष कैलाश डंडरियाल ने कहा कि मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द मामले का पर्दाफाश कर चोरी हुए छत्र बरामद करने की मांग की है।
रिपोर्टिंग चौकी पीपलकोटी की प्रभारी पूनम खत्री ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एसओजी टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
