
11 सूत्रीय मांगों को लेकर जताया रोष, सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग) : तहसील मुख्यालय ऊखीमठ में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्त्रियों ने तख्तियां और बैनर लेकर रैली निकाली तथा नारेबाजी करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन को गुरिल्ला संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला। इस दौरान कार्यकर्त्रियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार आश्वासन तो देती है, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
कार्यकर्त्रियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ोतरी, नियमितीकरण, सेवानिवृत्ति पर पेंशन, कार्य के अनुरूप सुविधाएं तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में बेहद कम मानदेय में अधिक कार्य लेना अन्यायपूर्ण है।
आंदोलन को समर्थन देने पहुंचीं गुरिल्ला संगठन की जिलाध्यक्ष बसंती रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां 11 अप्रैल से तहसील मुख्यालय में आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन का कोई प्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और प्रदेशव्यापी रणनीति बनाई जाएगी।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्त्रियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों को विस्तार से रखा। इस दौरान तहसील मुख्यालय पर लंबे समय तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे क्षेत्र में हलचल बनी रही।
इस मौके पर स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष रंजना अवस्थी, उपासना सेमवाल, उपाध्यक्ष अनीता नेगी, कोषाध्यक्ष कल्पेश्वरी देवी, सचिव सीमा देवी, सुनीता भट्ट सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।

