
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर और तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथियां वैसाखी पर्व पर घोषित की जाएंगी। परंपरा के अनुसार शीतकालीन गद्दी स्थलों पर पंचांग गणना के बाद कपाट खुलने की तिथि व चल विग्रह उत्सव डोलियों के कैलाश प्रस्थान का शुभ मुहूर्त तय किया जाएगा।
सोमवार को होने वाले इस धार्मिक आयोजन में विद्वान आचार्य, तीर्थ पुरोहित और हक-हकूकधारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के प्रभारी अधिकारी डीएस भुजवाण ने बताया कि मद्महेश्वर धाम के कपाट खुलने की तिथि व उत्सव डोली के प्रस्थान का मुहूर्त वैसाखी पर घोषित किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उधर, तुंगनाथ धाम के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी के अनुसार तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि और मक्कूमठ से उत्सव डोली के प्रस्थान का कार्यक्रम भी वैसाखी के दिन पंचांग के अनुसार तय होगा।
धार्मिक महत्व की इस घोषणा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

