चमोली : आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक भूपाल राम टम्टा, राहत कार्यों का लिया जायजा

Team PahadRaftar

ग्वालदम में भूधंसाव और सिलोडी में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गिरीश चंदोला थराली। लगातार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने मंगलवार को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ग्वालदम और सिलोडी गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। साथ ही अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विधायक ने सबसे पहले विकासखंड थराली की ग्राम पंचायत ग्वालदम की अनुसूचित जाति बस्ती में भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पेयजल, विद्युत, खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके बाद विधायक नारायणबगड़ विकासखंड के सिलोडी गांव पहुंचे, जहां बीती रात प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूपाल राम टम्टा ने कहा कि सिलोडी गांव में जल निकासी की समस्या भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षात्मक कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार की सुरक्षा, राहत और पुनर्वास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रभावितों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

दौरे के दौरान विधायक ने सिलोडी गांव के लोगों से आत्मीय मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि गांव पहुंचकर बचपन की अनेक स्मृतियां ताजा हो गईं और ग्रामीणों का स्नेह व अपनापन हमेशा उन्हें क्षेत्र की सेवा के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर बदरीनाथ धाम में महाअभिषेक, नृसिंह मंदिर में हुई विशेष पूजा

उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के लिए की गई मंगलकामना संजय कुंवर जोशीमठ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर मंगलवार को श्रावण मास की पावन बेला में भगवान श्री बदरीविशाल के श्रीचरणों में प्रातःकालीन महाअभिषेक एवं विशेष वैदिक पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस […]

You May Like