चमोली : महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर बदरीनाथ धाम में महाअभिषेक, नृसिंह मंदिर में हुई विशेष पूजा

Team PahadRaftar

उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के लिए की गई मंगलकामना

संजय कुंवर जोशीमठ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर मंगलवार को श्रावण मास की पावन बेला में भगवान श्री बदरीविशाल के श्रीचरणों में प्रातःकालीन महाअभिषेक एवं विशेष वैदिक पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश, कीर्ति तथा राष्ट्र और देवभूमि उत्तराखंड की सेवा के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

इसके बाद जोशीमठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विशेष आरती एवं मंगल प्रार्थना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बदरीविशाल एवं भगवान श्री नृसिंह से महेंद्र भट्ट को जनसेवा के पथ पर निरंतर सफलता, नई ऊर्जा और दीर्घायु प्रदान करने की कामना की।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि श्रावण मास भक्ति, साधना और आराधना का विशेष पर्व है। इस पावन अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना राष्ट्र, समाज और देवभूमि उत्तराखंड के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ संपन्न हुई।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री बदरीविशाल और भगवान श्री नृसिंह की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे तथा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्राप्त होती रहे।

Leave a Reply

You May Like