चमोली : बदरीनाथ धाम में श्रद्धा और उल्लास से मनाई जा रही जन्माष्टमी

Team PahadRaftar

अर्धरात्रि में होगा भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्म, विशेष पूजा-अर्चना और आरती की तैयारी

संजय कुंवर बदरीनाथ धाम। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी शुक्रवार को बदरीनाथ धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर धाम में पहुंचे तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जन्माष्टमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

जन्माष्टमी पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की मौजूदगी में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठी रवींद्र भट्ट धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान विशेष आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

पालने में विराजेंगे बाल कृष्ण

भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को प्रतीकात्मक रूप से पालने में विराजमान कराया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर में झूला लगाया गया है। जन्माष्टमी को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा और विशेष भोग की भी व्यवस्था की गई है।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही बदरीनाथ धाम पहुंच गए थे।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व है। देशभर से पहुंचे श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ के दर्शन के साथ जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में भी शामिल हो रहे हैं।

वहीं, श्री बदरीश पंडा पंचायत बदरीनाथ की ओर से शनिवार पांच सितंबर को जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, संदीप कप्रवाण, योगंबर नेगी समेत अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

भविष्य बदरी : झमाझम बारिश के बीच भविष्य बदरी धाम में गूंजा श्रीकृष्ण का जयघोष

दही हांडी उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान नारायण के दर्शन संजय कुंवर भविष्य बदरी धाम/सुभाई। झमाझम बारिश के बीच चमोली जिले की धौलीगंगा घाटी से सटे सुभाई गांव स्थित भविष्य बदरी धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। […]

You May Like