दही हांडी उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान नारायण के दर्शन
संजय कुंवर
भविष्य बदरी धाम/सुभाई। झमाझम बारिश के बीच चमोली जिले की धौलीगंगा घाटी से सटे सुभाई गांव स्थित भविष्य बदरी धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी। भगवान श्रीहरि नारायण के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे। मंदिर परिसर से आयोजन स्थल तक भक्तों की लंबी कतार लगी रही।
पंच बदरी समूह के प्रमुख धामों में शामिल भविष्य बदरी मंदिर में जन्माष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और श्रृंगार किया गया। भगवान भविष्य बदरी नारायण के साथ बाल गोपाल श्रीकृष्ण की विशेष पूजा की गई और छप्पन भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारे गूंजते रहे।
दही हांडी रहा मुख्य आकर्षण
जन्माष्टमी पर्व का मुख्य आकर्षण दही हांडी उत्सव रहा। झमाझम बारिश के बीच आयोजित दही हांडी कार्यक्रम को देखने और इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
घने देवदार और चीड़ के मिश्रित जंगलों के बीच स्थित भविष्य बदरी धाम में स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में लोकगीत और चोफुला-झुमैलो जैसे पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
भविष्य बदरी मंदिर समिति की ओर से जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे और प्रसाद की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह रहा कि सड़क तक दर्शनार्थियों की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से भविष्य बदरी-सुभाई मोटर मार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बारिश के बावजूद श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
जन्माष्टमी पर्व पर भविष्य बदरी धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और इस प्राचीन धाम के प्रति श्रद्धालुओं के आकर्षण को सामने रखा।
