पोखरी के नेल-सिदेली गांव में सुबह की घटना, चट्टान से गिरने से गई जान; घायल श्रीनगर रेफर
केएस असवाल पोखरी। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के नेल-सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह भालू के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे विमला देवी (55), पत्नी चंद्रशेखर नेगी और लक्ष्मी देवी (42), पत्नी गजेंद्र नेगी गांव के आसपास थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान विमला देवी चट्टान से नीचे गिर गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लक्ष्मी देवी भी भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल लक्ष्मी देवी को तत्काल पोखरी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक डाॅ. शनि चौधरी ने बताया कि विमला देवी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया। एंबुलेंस से उन्हें श्रीनगर भेजा गया।
भालू की लगातार सक्रियता से बढ़ी चिंता
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की सक्रियता बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से भालू को पकड़ने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

