ऊखीमठ : भीरी-परकंडी मार्ग पर अल्टो खाई में गिरी, तीन की मौत

Team PahadRaftar

भीरी-परकंडी मार्ग पर अल्टो खाई में गिरी, तीन की मौत

पांच घायल, चार मासूम भी शामिल; SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ /रुद्रप्रयाग : जनपद के भीरी-परकंडी मोटर मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब अल्टो कार संख्या UK13B-4293 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) ने तत्काल SDRF, DDRF, स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को मौके पर रवाना किया। राहत एवं बचाव दलों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा।

प्रशासन के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।

दुर्घटना में उथिण्ड गांव निवासी महेंद्र सिंह (66) पुत्र रूप सिंह, अंजन सिंह (37) पुत्र महेंद्र सिंह तथा संगीता देवी (29) पत्नी पंकज सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घायलों में दक्षित (5) पुत्र पंकज सिंह, सोनाली (3) पुत्री पंकज सिंह, वैभव (10) पुत्र अंजन सिंह, विहान (8) पुत्र अंजन सिंह और रेशमा देवी (30) पत्नी अंजन सिंह शामिल हैं। सभी का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरने के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में पिता-पुत्र समेत परिवार की एक महिला की मौत से उथिण्ड गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के कई सदस्य दुर्घटना की चपेट में आने से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

थराली : अंतिम संस्कार में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, खाई में गिरी ईको वैन; दंपती समेत बेटे की मौत

थराली, संवाददाता। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने एक रिश्तेदार के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के […]

You May Like