
जसपाल पौड़ी। थलीसैंण विकासखंड के नौगांव पज्याणा गांव में एक परिवार ने चूड़ाकर्म संस्कार को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अनूठी पहल की। गोपाल सिंह रावत व दिव्या देवी ने अपने पुत्र दिव्याश के चूड़ाकर्म संस्कार के अवसर पर घर के आंगन में मौसमी (समलौंण) का पौधा रोपा।
इस मौके पर परिजनों और ग्रामीणों ने पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। रोपे गए पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी बच्चे की दादी घिन्डुड़ी देवी ने अपने ऊपर ली।
समलौंण सेना की नायिका कंचन रावत ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में इनकी अहम भूमिका है। उन्होंने लोगों से सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों को पौधरोपण से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है।
इस पहल को ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताते हुए सराहा।

