थराली : एक साल बाद भी नहीं बनी सुरक्षा दीवार, बरसात में राड़ीबगड़ के घरों पर फिर मंडराया संकट

Team PahadRaftar

गिरीश चंदोला थराली। बरसात की पहली बारिश के साथ ही चमोली जिले के थराली विकासखंड स्थित राड़ीबगड़ गांव के लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है। गांव के समीप बहने वाला गधेरा लगातार कटाव कर रहा है, जिससे कई आवासीय मकान खतरे की जद में आ गए हैं। वर्ष 2025 की आपदा के बाद सुरक्षा दीवार निर्माण का वादा तो हुआ, लेकिन एक साल बीतने के बावजूद धरातल पर कोई ठोस काम नहीं हो सका।

ग्रामीणों का कहना है कि हर बरसात उनके लिए नई परीक्षा लेकर आती है। गधेरे का कटाव लगातार बढ़ रहा है और मकानों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। तेज बारिश होने पर लोग पूरी रात जागकर हालात पर नजर रखने को मजबूर हैं। उन्हें डर है कि यदि बारिश का दौर तेज हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीण जगदीश पंत, दिगंबर पंत, मुन्ना समेत अन्य लोगों ने बताया कि आपदा के बाद कई बार शासन-प्रशासन और सिंचाई विभाग को ज्ञापन देकर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिए, लेकिन आज तक कोई स्थायी सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया होता तो आज उनके मकानों पर खतरा नहीं मंडराता। उनका कहना है कि बरसात शुरू होने के बाद भी विभाग की उदासीनता चिंता का विषय है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार निर्माण और अन्य सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान हुआ तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Next Post

जोशीमठ : सरस्वती विद्या मंदिर में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर मंथन

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला और […]

You May Like