
नंदा देवी बड़ी जात के निर्जन पड़ावों में ग्रामीणों के बीच मारपीट, कुछ लोगों के घायल होने की सूचना
गिरीश चंदोला चमोली। नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के उच्च हिमालयी और निर्जन पड़ाव पातर नचौणिया व कैलुवा विनायक क्षेत्र में शनिवार को ग्रामीणों के दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि नंदानगर क्षेत्र के सुतोल और कनोल गांव के ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को लेकर तकरार हुई। मारपीट में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
बताया जा रहा है कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया है। हालांकि, घटनास्थल अत्यंत दुर्गम और निर्जन क्षेत्र में होने तथा मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण देर शाम तक घटना की पूरी और स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी। सोशल मीडिया पर भी घटना से संबंधित कई पोस्ट प्रसारित हो रही हैं।
पुलिस ने भेजा अतिरिक्त बल
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पुलिस तक पहुंची है। नंदा देवी बड़ी जात यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी पहले से तैनात हैं। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी नंदानगर से सुतोल की ओर भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सूचना में विवाद का संबंध दोनों गांवों के बीच पहले से चले आ रहे सीमा विवाद से बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मारपीट में घायल हुए लोगों की संख्या समेत अन्य पहलुओं की मौके पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में घटनास्थल की दुर्गमता और संचार सुविधा के अभाव के कारण पुलिस व प्रशासन के लिए तत्काल जानकारी जुटाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। यात्रा के लौटने के बाद संबंधित ग्रामीणों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी मिलने पर घटना की विस्तृत तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
