ऊखीमठ : 72 घंटे बाद भी सूमो चालक की गिरफ्तारी नहीं, कांग्रेस में आक्रोश

Team PahadRaftar

एसडीएम और थानाध्यक्ष से मिले कार्यकर्ता, शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर रक्षाबंधन के दिन हुए सड़क हादसे में डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत के मामले में 72 घंटे बाद भी टाटा सूमो चालक की गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम और थानाध्यक्ष से मुलाकात कर आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन स्कूटी से जा रहे डॉ. कैलाश पुष्पाण को टाटा सूमो ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल डॉ. पुष्पाण को गुप्तकाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से परिजन और क्षेत्रवासी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि 72 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह रावत ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए। व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट ने कहा कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी अनिश्चितकाल के लिए प्रतिष्ठान बंद करने को मजबूर होंगे। बसंती रावत ने जिले की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।

व्यापार संघ ऊखीमठ और विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजकर फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस टीमें गठित, दबिश जारी

एसडीएम और थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर प्रदीप थपलियाल, राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, कुंवर सजवाण, विनोद राणा, गणेश तिवारी, आलोक बगवाड़ी, लक्ष्मण रावत, राजेंद्र सिंह भंडारी, अंकुर रौथाण, महावीर सिंह नेगी, कर्मवीर कुंवर, दौलत पंवार, नवदीप नेगी और मदन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : दूध बेचकर हर माह 12 हजार रुपये तक कमा रहीं लक्ष्मी देवी

ग्रामोत्थान परियोजना से मिली 35 हजार की मदद, डेयरी व्यवसाय से बनीं आत्मनिर्भर केएस असवाल  चमोली : ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही है। ग्राम कनौठ निवासी लक्ष्मी देवी ने परियोजना से मिली आर्थिक सहायता का लाभ उठाकर डेयरी व्यवसाय […]

You May Like