वन पंचायतों के विकास को लेकर DFO से मिले सरपंच, स्थानीय भागीदारी बढ़ाने पर जोर
संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। सीमांत प्रखंड ज्योतिर्मठ के वन पंचायत सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल ने नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के नव नियुक्त उप वन संरक्षक (DFO) यश ढोबले और ज्योतिर्मठ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवाण से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वन पंचायतों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

वन पंचायत सरपंच पाखी के महावीर पंवार ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने वन पंचायतों के समक्ष आ रही चुनौतियों और उनके विकास की संभावनाओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वन पंचायतों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने और उपलब्ध वन संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए प्रभावी पहल की जरूरत है।
बैठक में वन पंचायतों को अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने, स्थानीय समुदाय की सहभागिता बढ़ाने तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण विकास को गति देने पर सार्थक चर्चा हुई। सरपंचों ने कहा कि वन पंचायतें पहाड़ों में वन संरक्षण और स्थानीय आजीविका के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि वन विभाग और वन पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि वन पंचायतों को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना पहाड़ों के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

