थराली : तुंगेश्वर डाकघर में लापरवाही पर पोस्टमैन निलंबित, विभागीय जांच शुरू

Team PahadRaftar

तुंगेश्वर डाकघर में लापरवाही पर पोस्टमैन निलंबित, विभागीय जांच शुरू

गिरीश चंदोला थराली। तुंगेश्वर डाकघर में डाक वितरण में लापरवाही के मामले में डाक विभाग ने संबंधित पोस्टमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, तुंगेश्वर डाकघर में तैनात पोस्टमैन हिमांशु कुमार पर वर्ष 2025 से लंबित डाक का वितरण नहीं करने के आरोप हैं। जांच के दौरान उसके कमरे से तीन से चार बोरियों में बड़ी मात्रा में डाक सामग्री मिली। इनमें एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, स्पीड पोस्ट, चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल बताए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक अधीक्षक चमोली अजय कुमार ने पोस्टमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। विभाग का कहना है कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इधर, कार्रवाई के बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में डाक लंबे समय तक वितरित नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। उनका कहना है कि जांच में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इस मामले में अन्य स्तरों पर कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

डाक विभाग की इस कार्रवाई को मामले में पहली बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

चमोली : महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण गिरीश चंदोला चमोली। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने मंगलवार को वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते […]

You May Like