17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण करें : एडीएम
पौड़ी, जसपाल नेगी संवाददाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान ने अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई।
एडीएम ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां संबंधित अधिकारी तत्काल कार्ययोजना बनाकर अभियान में तेजी लाएं। उन्होंने कम प्रगति वाले बूथों की दैनिक निगरानी करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कार्मिकों और संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल प्रारंभ किया जाए। साथ ही गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पूरा किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
