महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
गिरीश चंदोला चमोली। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने मंगलवार को वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने महिलाओं की सुरक्षा, सहायता, संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में वन स्टॉप सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चंद्रकला तिवारी ने वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी रश्मि और उनकी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र संवेदनशीलता और समर्पण के साथ महिलाओं की सेवा कर रहा है। उन्होंने टीम को बेहतर व्यवस्थाओं के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करते रहने का आह्वान किया।
