ऊखीमठ : रंगेश्वर महादेव मंदिर में निकली 101 कलशों की भव्य यात्रा

Team PahadRaftar

हजारों श्रद्धालु बने साक्षी, श्रीराम कथा में उमड़ी आस्था

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी स्थित रंगेश्वर महादेव मंदिर कंडारा में आयोजित श्रीराम कथा के सातवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा महोत्सव के अंतर्गत 101 श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य जल कलश यात्रा निकाली। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा।

वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई जल कलश यात्रा प्राकृतिक जल स्रोत से आरंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भगवान श्रीराम और हर-हर गंगे के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रीराम कथा का वाचन कर रहीं कथावाचक राधिका जोशी केदारखण्डी ने जल कलश और मां गंगा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में जल जीवन, पवित्रता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गंगा करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति की जीवनधारा है तथा जल कलश यात्रा व्यक्ति में शुद्धता, सेवा और समर्पण की भावना का संचार करती है।

कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि उनका जीवन मर्यादा, त्याग, सत्य और लोककल्याण का आदर्श संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन में भावविभोर नजर आए।

कार्यक्रम संयोजक हरिशंकर गोस्वामी ने बताया कि कथा आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, आचार्य देवी प्रसाद वशिष्ठ, दिनेश थपलियाल, नवीन जोशी, ऋषिराज गोस्वामी, विवेक गोस्वामी, विलोचन रावत, प्रधान अंजू भंडारी, महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी देवी, दिवाकर भट्ट, कालिका भट्ट, मनोज नेगी, हर्षवर्धन गैरोला सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : 21 जून को गोपेश्वर में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, बदरीनाथ व गौचर में भी होंगे आयोजन

21 जून को गोपेश्वर में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, बदरीनाथ व गौचर में भी होंगे आयोजन केएस असवाल गोपेश्वर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जनपद चमोली में विभिन्न स्थानों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड गोपेश्वर […]

You May Like