चमोली : 21 जून को गोपेश्वर में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, बदरीनाथ व गौचर में भी होंगे आयोजन

Team PahadRaftar

21 जून को गोपेश्वर में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, बदरीनाथ व गौचर में भी होंगे आयोजन

केएस असवाल गोपेश्वर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जनपद चमोली में विभिन्न स्थानों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड गोपेश्वर में प्रातः 6:45 बजे से 8 बजे तक होगा। इसके अलावा श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर और आईटीबीपी ग्राउंड गौचर में भी सामूहिक योगाभ्यास एवं विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस वर्ष के योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन और धन्वंतरी वंदना के साथ होगा। इसके बाद योग दिवस की महत्ता पर संक्षिप्त प्रस्तुति दी जाएगी। प्रातः 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपदवासियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सुरक्षा बलों तथा योग प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है।

जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

Leave a Reply

You May Like