ऊखीमठ : पीएचसी उच्चीकरण की मांग को लेकर 24वें दिन भी धरना, सरकार का पुतला फूंका

Team PahadRaftar

पीएचसी उच्चीकरण की मांग को लेकर 24वें दिन भी धरना, सरकार का पुतला फूंका

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 24वें दिन भी जारी रहा। शासन-प्रशासन की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से आक्रोशित आंदोलनकारियों ने मुख्य बाजार में जन आक्रोश रैली निकालकर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। रैली में ऊखीमठ के साथ तुंगनाथ और मदमहेश्वर घाटी की मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

रैली गैस एजेंसी से मुख्य बाजार होते हुए शहीद अशोक कैशिव स्मारक और फिर धरना स्थल तक पहुंची। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ गांवों को देखते हुए पीएचसी का उच्चीकरण बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान ने सरकार से तत्काल उच्चीकरण का शासनादेश जारी करने की मांग की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह बुडेरा ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों को आंदोलन करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है।

80 वर्षीय छोटी देवी भी धरने पर बैठीं

आंदोलन के प्रति लोगों की एकजुटता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 80 वर्षीय छोटी देवी भी धरना स्थल पर पहुंचीं और आंदोलन में शामिल हुईं। उनके धरने पर बैठने से आंदोलनकारियों में उत्साह बढ़ा। पूर्व प्रमुख जय नारायण नौटियाल, लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, राजाराम सेमवाल, अंकुर रौथाण और आनंद सिंह रावत ने कहा कि पीएचसी उच्चीकरण की मांग ऊखीमठ नगर तक सीमित नहीं है। यह ऊखीमठ, तुंगनाथ और मदमहेश्वर घाटी सहित दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

संघर्ष समिति अध्यक्ष राजीव भट्ट ने चेतावनी दी कि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शासनादेश जारी नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। सभासद सरला रावत ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, गणेश तिवारी, आलोक बगवाड़ी, अवतार नेगी, संतोष त्रिवेदी, मदन रावत, प्रधान सरिता देवी, सोनिया पंवार, मीनाक्षी देवी, नीमा देवी, सुलेखा देवी, प्रदीप धर्म्वाण, जगत सिंह पंवार, शिव सिंह रावत, कुलदीप रावत, प्रताप धर्म्वाण, भूपेंद्र राणा, राजेंद्र धर्म्वाण, संतोष शैव, दौलत पंवार, कर्मवीर कुंवर, बलवंत रावत, दलवीर रावत, शौरभ भट्ट, रविंद्र रावत, प्रदीप बजवाल, पवन राणा समेत विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

नारायणबगड़ : बेडुला स्कूल में गढ़भोज दिवस, बच्चों ने चखे पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद

बेडुला स्कूल में गढ़भोज दिवस, बच्चों ने चखे पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद गिरीश चंदोला  नारायणबगड़। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेडुला में गढ़भोज दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पहाड़ी पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू बिखरी रही। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। गढ़भोज […]

You May Like