
विद्यालय के विकास और छात्र हितों को प्राथमिकता देने का दिया भरोसा
गिरीश चंदोला थराली। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लोल्टी में विद्यालय के विकास और छात्र हितों के लिए सक्रिय रहने वाले तेजपाल सिंह गुसाईं पर अभिभावकों ने एक बार फिर भरोसा जताया है। कार्यकाल पूरा होने के बाद आयोजित पीटीए बैठक में अभिभावकों ने सर्वसम्मति से उन्हें दूसरी बार पीटीए संघ का अध्यक्ष चुना।
बैठक में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेजपाल सिंह गुसाईं ने कहा कि विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विद्यालय के जर्जर प्रांगण को दुरुस्त कराने के लिए शासन-प्रशासन से वार्ता कर जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं में सुधार और बेहतर शैक्षिक वातावरण के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह रावत, शिक्षक रमेश चंद्र जोशी, प्रकाश चंद्र पुरोहित, अभिभावक वीरेंद्र सिंह, शेखर जोशी, प्रताप सिंह गुसाईं सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित लोगों ने तेजपाल सिंह गुसाईं को बधाई दी।

