कर्णप्रयाग : 24 घंटे में खुली बिजली लाइन सामग्री चोरी की गुत्थी, चार आरोपी गिरफ्तार

Team PahadRaftar

24 घंटे में खुली बिजली लाइन सामग्री चोरी की गुत्थी, चार आरोपी गिरफ्तार

केएस असवाल कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग पुलिस ने बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब आठ लाख रुपये मूल्य की चोरी गई सामग्री बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी (लोडर) वाहन भी कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार, टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया था कि आरडीएसएस परियोजना के तहत नौटी, पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए रखी गई करीब 1100 मीटर पीवीसी (एबीसी) केबल, तीन से चार कुंतल एल्युमीनियम वायर और अन्य हार्डवेयर सामग्री चोरी हो गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन की आवाजाही दिखाई देने पर पुलिस ने गौचर चौकी के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी की पूरी सामग्री बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मो. दानिश और चांद मोहम्मद निवासी मुरादाबाद, फरमान निवासी संभल तथा सुएब निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ बंडल पीवीसी (एबीसी) केबल, सात बंडल एल्युमीनियम वायर, चार कट्टे हार्डवेयर सामग्री और घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। बरामद सामग्री की कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

You May Like