भाषण व पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, वीरांगना की स्मृति में रोपे पौधे
संवाददाता, गोपेश्वर
वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर शनिवार को कलम क्रांति साहित्यिक मंच उत्तराखंड के तत्वावधान में पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तीलू रौतेली के जीवन, संघर्ष, साहस और वीरता से परिचित कराया गया। इस दौरान भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता भी कराई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य विमल राणा, उप प्रधानाचार्य डॉ. शशि देवली और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहीं नन्दा जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। नन्दा जोशी और साहित्यकार प्रेरणा सेमवाल का बैज अलंकरण, पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में करीब 18 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें नैना ने प्रथम, शुभांगी ने द्वितीय, आन्या ने तृतीय तथा अक्षरा व अंशिका ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में पावनी, अनुस्मिता, इच्छा और कनिष्का ने स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को तीलू रौतेली स्मृति मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश
पर्यावरण प्रेमी नन्दा जोशी ने विद्यार्थियों को मातृभूमि से प्रेम करने और प्रकृति संरक्षण से जुड़ने का संकल्प दिलाया। साहित्यकार प्रेरणा सेमवाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें कभी खुद को कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने ‘नारी के अस्तित्व और स्वाभिमान’ विषय पर स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति भी दी।
कलम क्रांति साहित्यिक मंच की संस्थापिका शशि देवली ने तीलू रौतेली को नमन करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड की वीरता, साहस और नारी शक्ति की प्रतीक हैं। मंच का उद्देश्य उनकी वीरगाथा और संघर्ष से नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को प्रेरणा देना है, ताकि वे आत्मविश्वास और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ सकें।
स्मृति में रोपे आंवला और मोरपंखी के पौधे
कार्यक्रम के बाद समलौण संस्था के बैनर तले नन्दा जोशी ने तीलू रौतेली की स्मृति में आंवला और मोरपंखी के पौधे रोपे। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के 250 से अधिक वरिष्ठ छात्र-छात्राओं सहित महेंद्र दानू, संतोष बिष्ट, रुचि भंडारी, पूनम सती, चंद्रशेखर पांडे, एसएस बिष्ट, अरविंद रावत, राहुल डिमरी, भुवनेश्वरी, ललिता रावत, दमयंती जोशी, प्रकाश तिवारी और हिमानी झिंकवान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम विद्यालय के प्रबंधक सत्येंद्र परमार की देखरेख में हुआ। संचालन शुभांगी नेगी ने किया। अंत में शशि देवली ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया।
