पौड़ी में 21 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
हाईस्कूल-इंटर के टॉपर्स को डीएम ने किया सम्मानित, कहा—निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता
जसपाल नेगी पौड़ी : उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इनमें हाईस्कूल के 14 और इंटरमीडिएट के 7 विद्यार्थी शामिल रहे, जिन्होंने श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से छात्रों का मनोबल बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने छात्रों से निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की।
डीएम ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता पाने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के करियर निर्माण में परिवार का सहयोग अहम होता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए। महक ने आत्मविश्वास और धैर्य को सफलता का आधार बताया, जबकि सार्थक बुड़ाकोटी ने नियमित पढ़ाई को सफलता की कुंजी बताया। आयुष ने परीक्षा को चुनौती के रूप में लेने की बात कही और निहारिका ने टॉपर्स से प्रेरणा लेने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों की रुचि इंजीनियरिंग क्षेत्र में अधिक देखने को मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे छात्रों को प्रशासन हरसंभव सहयोग देगा। मुख्य शिक्षाधिकारी को सुझाव आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं और ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
इस मौके पर समग्र शिक्षा समन्वयक रीना रावत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विद्या शरण, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

