ऊखीमठ : सेवा सप्ताह में उमड़ी भीड़, एक ही छत के नीचे मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत सेवा सप्ताह के अवसर पर ऊखीमठ सभागार में आयोजित बहुविभागीय शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और अध्यक्षता कर रहे बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, डेयरी, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, सहकारिता, आजीविका और स्वरोजगार समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। कई पात्र लोगों को शिविर में ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में महिला मंगल दलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुति ने भी लोगों की खूब सराहना बटोरी। वहीं विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजनाओं से उनकी आर्थिक स्थिति और आजीविका में सुधार हुआ है।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि सेवा सप्ताह के ऐसे आयोजन सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, तहसीलदार निशांत कंबोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : चूड़ाकर्म संस्कार पर रोपा समलौंण का पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जसपाल पौड़ी। थलीसैंण विकासखंड के नौगांव पज्याणा गांव में एक परिवार ने चूड़ाकर्म संस्कार को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अनूठी पहल की। गोपाल सिंह रावत व दिव्या देवी ने अपने पुत्र दिव्याश के चूड़ाकर्म संस्कार के अवसर पर घर के आंगन में मौसमी (समलौंण) का पौधा रोपा। इस मौके […]

You May Like