पौड़ी : चित्रों और कहानियों से बच्चों को दिया नशामुक्ति का संदेश

Team PahadRaftar

जसपाल नेगी पौड़ी। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत पौड़ी में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए तैयार की गई कॉमिक्स ‘अनमोल जीवन’ का शनिवार को विमोचन किया गया। जिला प्रशासन और डायट पौड़ी की पहल पर तैयार इस कॉमिक्स को अब जिले के विभिन्न विद्यालयों में वितरित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में कॉमिक्स का विमोचन करते हुए कहा कि छोटे बच्चों तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए चित्रों और रोचक कहानियों का सहारा लिया गया है। उन्होंने बताया कि कॉमिक्स में 10 प्रेरक कहानियां शामिल की गई हैं, जिन्हें बच्चों की मनोवृत्ति और सामाजिक परिवेश को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

कॉमिक्स में क्यूआर कोड भी दिए गए हैं, जिनके माध्यम से बच्चे ई-बुक और वीडियो क्लिप देख सकेंगे। साथ ही कहानियों के पात्रों पर आधारित रोल-प्ले गतिविधियों से सीखने की प्रक्रिया को और रोचक बनाया जाएगा।

विद्यालयों में कॉमिक्स मिलने के बाद विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ इसे पढ़ा और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कई बच्चों ने कहा कि कॉमिक्स की कहानियां उनके आसपास की परिस्थितियों से जुड़ी हुई हैं, जिससे नशे के नुकसान को समझना आसान हुआ है।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक जिले के सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति विषय पर रोल-प्ले, लघु नाटिका और स्टोरी टेलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डायट के प्राचार्य स्वराज तोमर ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए बचपन से ही सही दिशा और सकारात्मक सोच विकसित करना जरूरी है। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी।

जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी, मेसमोर इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर-11 और जूनियर हाईस्कूल गडोली सहित कई विद्यालयों में कॉमिक्स का वितरण किया गया है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, पूर्व एडीएम अनिल गर्ब्याल, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, डॉ. हरिशंकर डिमरी, विनय किमोठी, विनय ममगाईं समेत अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

प्रमुख बातें

  • ‘अनमोल जीवन’ कॉमिक्स का हुआ विमोचन
  • नशामुक्ति के संदेश को रोचक तरीके से बच्चों तक पहुंचाने की पहल
  • कॉमिक्स में शामिल हैं 10 प्रेरक कहानियां
  • क्यूआर कोड से ई-बुक और वीडियो क्लिप देखने की सुविधा
  • स्वतंत्रता दिवस तक विद्यालयों में होंगे रोल-प्ले और स्टोरी टेलिंग कार्यक्रम।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

जसपाल नेगी पौड़ी। संवाददाता : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला पंचायत सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तंबाकू और निकोटिन के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश […]

You May Like