बोरागाड़ बाजार में खतरा बने 8 पेड़ों की मार्किंग, वन विभाग करेगा कार्रवाई
कलम भंडारी / अखिलेश सती
देवाल। बोरागाड़ बाजार में दुकानों और भवनों के लिए खतरा बने पेड़ों को लेकर वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। व्यापारियों और ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग की टीम ने बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर खतरा बने सात-आठ पेड़ों की मार्किंग की।

बाजार से सटे पेड़ों के गिरने की आशंका को देखते हुए व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष कमल भंडारी के नेतृत्व में व्यापारियों और ग्रामीणों ने पूर्वी पिंडर रेंज, देवाल के रेंजर को ज्ञापन सौंपा था। इसमें खतरा बने पेड़ों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी।
ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों का निरीक्षण किया। टीम ने सात-आठ पेड़ों को चिह्नित किया है। विभाग ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट डीएफओ कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि पेड़ गिरने से बाजार की दुकानों, भवनों और वाहनों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

वन विभाग की कार्रवाई और जल्द समाधान के आश्वासन से व्यापारियों और ग्रामीणों ने राहत जताई है।
निरीक्षण के दौरान वन आरक्षी पंकज पुरोहित, मनीषा, महावीर सिंह, भुवन बिष्ट, खिलाप सिंह, हरीश कुमार, भरत मेहरा, राजन सिंह, दरवान सिंह और जगदीश पयाल आदि मौजूद रहे।
